शि.वा.ब्यूरो, देवबंद। सहारनपुर जनपद में शीतलहर चलने से सर्दी का सितम लगातार बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को जबरदस्त ठंडा मौसम होने के कारण लोग अपने-अपने घरों में दुबके रहे। सिर्फ बहुत जरूरी कार्य से ही लोग घरों से बाहर निकले। यहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार, अभी सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। बता दे कि पिछले एक पखवाड़े से सर्दी जोरों पर है। सुबह के समय घना कोहरा होने की वजह से लोग घरों में दुबके रहते हैं। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आते हैं।
सर्दी बढ़ने से सांस और दिल के मरीजों की भी परेशानी बढ़ रही है। शहर के बाजार सुबह 10 बजे खुलते हैं और शाम होते ही बंद होना शुरू हो जाते है। दोपहर को भी बाजार में ग्राहक कम ही नजर आते हैं। आज कोहरा होने के साथ का बादल भी छाए रहे। जिस कारण धूप नहीं निकली। न्यूनतम तापमान 2.8 और अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बर्फीले पहाड़ों से ढलकर आ रही ठंडी हवा के कारण लोग ठिठुर रहे हैं। कोहरे के साथ शीतलहर कई दिन से चल रही है, लेकिन रात से हवा तेज है, जिसकी वजह से लोग खुले में खड़ा तक नहीं हो पा रहे हैं। सुबह से ही कोहरा आसमान में जमा नजर आया। शीतलहर की गति बढ़ने से सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान जताया है।