जल भराव की समस्या का मुख्य कारण सरकारी तालाबों पर कब्जा होना है

गौरव सिंघल, देवबंद। नगर में बारिश होते ही जलभराव की समस्या से नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भाजपा के जिला मंत्री विपिन भारतीय का कहना है कि पहले नगर में अनेकों तालाब हुआ करते थे। जिससे बरसात के दिनों में नगर को जलभराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता था। क्योंकि ये तालाब बरसात का सारा जल अपने अंदर समाहित कर लेते थे। मगर पिछले कुछ वर्षों में धीरे-धीरे भूमाफियाओं ने बहुत से तालाबों पर कब्जा कर वहाँ पर प्लाटिंग करके बस्तियां बसा दी है। जिस कारण नगर में जलभराव की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। विपिन भारतीय का कहना है कि नगर के साथ- साथ भूमाफियाओं ने देहात क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में सरकारी तालाबों पर अवैध कब्जा किया हुआ है। उन्होंने बताया कि नगर में पूर्व में उप जिलाधिकारी रहे संजीव कुमार को जब तालाबों पर अवैध कब्जों की जानकारी मिली तो उन्होंने पांच सदस्यों की कमेटी बनाकर कुछ तालाबो को कब्जा मुक्त कराकर खुदाई भी कराई थी। मगर अब भी नगर व देहात के क्षेत्र में बड़ी संख्या में सरकारी तालाबों पर भूमाफियाओं के अवैध कब्जे है। 

विपिन भारतीय ने कहा कि क्या चकबन्दी विभाग और तहसील के अधिकारियों को सरकारी तालाबों पर भू माफियाओं के कब्जे की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में राज्य मंत्री बृजेश सिंह और मुख्यमंत्री को अवगत कराने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक इन तालाबों को कब्जा मुक्त कराकर उनकी खुदाई नहीं कराई जाएगी तब तक नगर को जलभराव की समस्या से पूर्ण रूप से निजात नहीं मिलेगी। भारतीय ने कहा कि जलभराव के लिए नगर के कुछ लोग नगर पालिका परिषद को दोष देते है लेकिन जलभराव की समस्या का मुख्य कारण सरकारी तालाबों पर अवैध कब्जों का होना है।


Comments