केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को घेरा, कसा तंज
शि.वा.ब्यूरो, लखनऊ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। दरअसल अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरते हुए कुर्सी की लड़ाई में जनता को भूलने का आरोप लगाने वाला पोस्ट एक्स पर किया था। जवाब में केशव ने एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश को घेरा। उन्होंने कहा कि सपा बहादुर अखिलेश यादव जी, भाजपा की देश और प्रदेश दोनों जगह मजबूत संगठन और सरकार है। 
उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए सिर्फ धोखा है। केशव ने कहा कि यूपी में सपा के गुंडाराज की वापसी असंभव है। भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 दोहराएगी। इससे पूर्व बुधवार की सुबह केशव प्रसाद मौर्य के ऑफिस के हैंडल से एक्स पर एक पोस्ट किया गया, जिसे कुछ ही देर बाद डिलीट कर दिया गया। इसमें केशव का वही बयान दोहराया गया था, जो उन्होंने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दिया था। इसमें लिखा था कि संगठन सरकार से बड़ा है, कार्यकर्ताओं का दर्द मेरा दर्द है। संगठन से बड़ा कोई नहीं, कार्यकर्ता ही गौरव है। इस पोस्ट को डालकर डिलीट कर दिए जाने को लेकर सियासी हलकों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया। 

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर कहा था कि सौ विधायक लाओ, सरकार बनाओ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दिए गए एक बयान ने हलचल मचा दी है। उन्होंने ऑफर दिया है कि 100 विधायक लेकर आओ, मुख्यमंत्री बनने के लिए सपा समर्थन देगी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने  भाजपा में राजनीतिक चर्चाओं के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक पर कहा है कि मानसून ऑफर है, 100 लाओ और सरकार बनाओ। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा में कोई भी नेता 100 विधायकों का समर्थन जुटा लेता है तो सपा मुख्यमंत्री पद के लिए उसे समर्थन दे सकती है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री मान रहे हैं कि विभागों में दलाली चल रही है । फिर भी रोक नहीं पा रहे हैं। यह दलाली उनके चहते मंत्री के विभाग में चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दिन-पर-दिन कमजोर होती भाजपा में टकराव और भटकाव का दौर शुरू हो गया है। कुर्सी की लड़ाई जारी है। केशव प्रसाद मौर्य ने भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक्स के जरिये हमला बोलते हुए उन्हें सपा बहादुर की संज्ञा देते  हुए कहा था कि यूपी और केंद्र दोनों ही जगह मजबूत सरकार है। 2017 की तरह 2027 में भी हम यूपी में सरकार बनाएंगे। उन्होंने सपा के पीडीए को धोखा करार दिया था।


Comments