लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने हरिशंकरी का पौधा रौपकर किया वृहद वृक्षारोपण जन अभियान का शुभारम्भ

गौरव सिंघल, सहारनपुर। राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह द्वारा एक पेड माँ के नाम वृक्षारोपण जन अभियान 2024 के तहत मण्डी परिसर रामपुर मनिहारान में हरिशंकरी का पौधा रोपित कर वृक्षारोपण अभियान का शुभारम्भ किया गया। राज्य मंत्री, विधायक रामपुर मनिहारान, नोडल अधिकारी, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी एवं डीएफओ द्वारा छात्र-छात्राओं को पौधो का वितरण किया गया। 

राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा एक पेड़ माँ के नाम का आहवान एवं  मुख्मयंत्री द्वारा प्रदेश को हरा-भरा करने के संकल्प को पूरा करने हेतु प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा रोपित कर उसकी सुरक्षा करे। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में माँ का स्थान सर्वोच्च रखा गया है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति माँ को समर्पित करते हुए कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं एवं उसकी देखभाल अपने माता-पिता की तरह करे। उन्होंने कहा कि कोई भी अभियान जन सहभागिता के बिना संभव नहीं है इसलिए प्रत्येक व्यक्ति अपने बेहतर भविष्य के साथ ही पशु-पक्षियों के जीवन के लिए पौधारोपण जरूर करें। उन्होंने लक्ष्य से अधिक पौधरोपण के लिए अधिकारियों को बधाई दी। 

विधायक रामपुर मनिहारान  देवेन्द्र निम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश भर में वृक्षारोपण जन अभियान के तहत 36.5 करोड़ पौधे रोपित किए जा रहे है। जिसका उद्देश्य आने वाली पीढियों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण प्रदान कर उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि माता-पिता की तरह पेड़ों का भी ख्याल रखें। उन्होने आम जनमानस के साथ ही उपस्थित बच्चों से आवाहन किया कि सभी लोग अपने घर के प्रांगण में एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें। प्रमुख सचिव पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास उत्तर प्रदेश शासन तथा जनपद में वृक्षारोपण अभियान के लिए नामित नोडल अधिकारी रविन्द्र ने कहा कि धरती को जीव-जंतुओं के रहने योग्य बनाए रखने के लिए पेड-पौधों का होना अत्यन्त आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बिना पेड पौधों के जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। मानव जीवन में पेडों का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि पेड-पौधे हमें केवल ऑक्सीजन ही नहीं बल्कि फल-फूल और लकडी भी देते है। इनसे पर्यावरण संतुलन बना रहता है। अपनी माता की तरह धरती माता का ख्याल रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पौधारोपण जन अभियान के तहत अमलताश एवं मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने मोहगिनी का पौधा रोपित किया। 
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि जनपद सहारनपुर में सभी विभागों द्वारा 4386913 पौधारोपण किया गया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ हमें जीवन देकर सुरक्षा करती है उसी प्रकार पेड़ भी हमारे लिए जीवनदायी है। पर्यावरण को साफ एवं ऑक्सीजन की निरंतर आपूर्ति के लिए पौधारोपण जरूर करें। पेड़ हमें केवल वायु ही प्रदान नहीं करते बल्कि फल, फूल, शाक-सब्जी एवं लकडी भी प्रदान करते है। वर्तमान में बढ रहे ग्लोबल वार्मिंग एवं प्रदूषण की समस्या पेड़ों के माध्यम से ही रोका जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि इस अभियान में बढ-चढकर हिस्सा लें। डीएफओ श्वेता सैन ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को स्मृति चिन्ह के रूप में पौधे भेंट किए। उन्होंने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से जनपद में लक्ष्य से अधिक पौधारोपण हुआ है। 
Comments