संजीव दुशाद की रहस्यमयी मौत, परिवार ने लगायी न्याय की गुहार

मदन सुमित्रा सिंघल, शिलचर। जुएल पाल के घर में काम कर रहे संजीव दुशाद की रहस्यमय मौत के मामले में उनके पिता लक्ष्मी दुशाद ने न्याय की गुहार लगाई है। लक्ष्मी दुशाद ने बताया कि उनका बेटा संजीव पिछले डेढ़ साल से जुएल पाल की दुकान पर काम कर रहा था और उनके घर में ही रह रहा था। 11 जून को करीब 2 बजे, जुएल पाल के फोन से उन्हें खबर मिली कि संजीव गोदाम का दरवाजा नहीं खोल रहा है। लक्ष्मी दुशाद ने जब इस बारे में पूछा तो जुएल ने कोई जवाब नहीं दिया और फोन काट दिया। लक्ष्मी दुशाद जब जल्दी-जल्दी जुएल पाल के घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि जुएल वहां से तेजी से जा रहा था। गोदाम का दरवाजा थोड़ा खुला पाकर उन्होंने दरवाजा खोला और देखा कि उनका बेटा संजीव फांसी पर लटका हुआ है। संजीव के घुटने पूरी तरह से जमीन पर टिके हुए थे और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे। घटना की सूचना पाकर रंगीरखाड़ी पुलिस और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और संजीव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। 

लक्ष्मी दुशाद ने बताया कि पैसे न होने के कारण उन्होंने जुएल पाल से अस्पताल आने को कहा, लेकिन वह नहीं आए। लक्ष्मी दुशाद ने आरोप लगाया कि जुएल पाल के व्यवहार से ऐसा लग रहा है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। लक्ष्मी दुशाद ने रंगीरखाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस सही ढंग से जांच नहीं कर रही है। घटना को लगभग दो महीने हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी भी निष्क्रिय है। इसलिए, उन्होंने उच्च अधिकारियों से इस मामले की सटीक जांच कर दोषियों को सजा देने की अपील की है। संजीव के पिता ने पूरी घटना की जांच और न्याय की गुहार लगाई है, ताकि उनके बेटे की मौत का असली कारण पता चल सके और दोषियों को सजा दी जा सके। संजीव की मां ने बताया कि घटना वाले दिन संजीव ने सुबह 10 बजे अपनी मां से फोन पर बात की थी और कहा था कि वह छुट्टी लेकर घर आएगा। उन्होंने अपनी बहन के लिए किताब-कॉपी और मां के लिए छाता लाने का वादा किया था। 

स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और संजीव दुशाद के परिवार को न्याय दिलाने के लिए एकजुट हो गए हैं। आज संजीव दुशाद के माता-पिता सहित दुशाद समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता संजीव राय के आवास पर जाकर घटना की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल में सीताराम दुशाद, जयनाथ दुशाद, छोटोलाल दुशाद, दीपक दुशाद, मुन्ना दुशाद, बुलबुल दुशाद और अन्य लोग शामिल थे। संजीव राय ने आश्वासन दिया कि जो भी दोषी होगा उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। पुलिस अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाई है। संजीव दुशाद के परिवार के दुख और पीड़ा को देखकर, इस घटना ने समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन से जल्द और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Comments