मेपल्स एकेडमी विद्यालय में वार्षिक इन्वेस्टिचर सेरेमनी आयोजित

गौरव सिंघल, देवबंद। मेपल्स एकेडमी प्रांगण में अत्यंत गरिमापूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में वार्षिक इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में छात्रों को उनकी नेतृत्व क्षमता और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न महत्वपूर्ण पदों के लिए चुना गया। समारोह की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या डाॅ. चित्रा जोशी के स्वागत से हुई। तत्पश्चात विद्यालय की झंडारोहण प्रक्रिया संपन्न की गई। जिसके बाद चुने गए विद्यार्थियों ने शपथ ग्रहण की। 

विद्यालय के नए कप्तान, उप-कप्तान और हाउस लीडर्स को उनकी जिम्मेदारियों का भार सौंपा गया। प्रधानाचार्य डाॅ. चित्रा जोशी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उनकी नई जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठा और कर्तव्यपरायणता का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का अर्थ सिर्फ पद प्राप्त करना नहीं है, बल्कि अपने साथियों के लिए एक आदर्श प्रस्तुत करना भी है। इस अवसर पर शिक्षकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और चुने गए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। समारोह का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इस भव्य आयोजन ने न केवल छात्रों में नई ऊर्जा का संचार किया, बल्कि उन्हें आने वाले समय में जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए भी तैयार किया। 

समारोह का संचालन इशिका सवई एवं अवनि द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्कर्ष वत्स, अंजलि त्यागी, नंदिनी मिनोचा, नीलम सिंघल, अंकुर राठी, मानिक तोमर, विश्वास त्यागी, अश्विनी वत्स, प्रवेश त्यागी, मनीष बंसल, मनदीप कौर, असर्ला नाज़, सारिका गोयल, महवीश, हिना त्यागी, पायल मित्तल, सिम्मी मखीजा, प्रीति सिंघल आदि का सहयोग रहा।

Comments