अमजद रजा, ककरौली। थाना ककरौली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले किसान इंटर कॉलेज ककरौली में बने क्वॉरेंटाइन सेंटर का जनपद के नोडल अधिकारी विशेष सचिव नियोजन राम नारायण सिंह यादव, अतुल कुमार सिटी मजिस्ट्रेट, राम मोहन शर्मा क्षेत्राधिकारी एवं कार्यवाहक ककरौली के कार्यवाहक थानाध्यक्ष बचन सिंह अत्री ने निरीक्षण किया।
ज्ञात हों कि इस वक्त क्वॉरेंटाइन सेंटर में 69 श्रमिक ठहरे हुए हैं। विशेष सचिव नियोजन ने श्रमिकों के ठहरने की व्यवस्था उनके रहने खाने की व्यवस्था तथा क्वॉरेंटाइन सेंटर में बिजली पानी की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सम्बन्धितों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। नोडल अधिकारी ने क्वॉरेंटाइन सेंटर में स्थित श्रमिकों का खाना बनाने वाली रसोई का भी गहनता से निरीक्षण किया तथा रसोई में बनने वाले खाने की गुणवत्ता एवं रसोई घर में साफ सफाई की व्यवस्था मास्क सैनिटाइजर आदि की गहनता से जांच की। उन्होंने क्वॉरेंटाइन सेंटर के सभी कमरों में जाकर श्रमिकों की समस्याओं को भी सुना तथा प्रत्येक कमरे में ठहरे श्रमिकों के स्वास्थ्य एवं सेहत के बारे में समय-समय पर चेक करने का आदेश दिया। नोडल अधिकारी ने श्रमिकों को सोशल डिस्टेंस के बारे में भी समझाया। उन्हें मास्क एवं हैंडवॉश के बारे में भी समझाया।
बता दें कि कोविड महामारी के चलते प्रवासी श्रमिक जनपद से होकर जा रहे हैं तथा कुछ श्रमिक बाहर से अपने गृह जनपद आ रहे हैं। आने वाले श्रमिकों की जांच एवं क्वारनटाईन प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारी कर रहा है। श्रमिकों की बढ़ती हुई जनसंख्या को देखते हुए कई जगह क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाए गए हैं। इसी के तहत किसान इंटर कॉलेज में बनाए गए क्वॉरेंटाइन सेंटर में रह रहे श्रमिकों ने अधिकारियों से सेंटर में रह रहे कर्मचारियों एवं उनके द्वारा दी जा रही सेवाओं के बारे में संतोष जताया। नोडल अधिकारी ने कर्मचारियों को और अच्छे से साफ-सफाई एवं श्रमिक मजदूरों की अच्छे से देखभाल करने के निर्देश दिए।