शि.वा.ब्यूरो, आगरा। हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा के प्रोत्साहन हेतु आज प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के द्वारा अंतर्विद्यालयी बाल कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के 32 विद्यालयों के 62 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बाल कवि सम्मेलन दो वर्गों - कनिष्ठ (कक्षा 6 से 8) तथा वरिष्ठ (कक्षा 9 से 12) में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि साहित्य शिरोमणि सोम ठाकुर रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. युवराज सिंह, डॉ. शिखा श्रीधर, डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा, अजय प्रकाश, डॉ. श्रुति सिन्हा, डॉ. सुमन सम्मिलित रहे। मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, श्याम बंसल, प्रधानाचार्य जगदीश सिंह धामी, प्रमुख समन्वयक संजय शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत् शुभारंभ किया गया।
निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम में प्रतिभागिता महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण तथा जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया। बाल कवियों ने समाज के विभिन्न ज्वलंत विषयों यथा पर्यावरण संरक्षण, बाल श्रम उन्मूलन, नारी का सशक्तिकरण, भ्रष्टाचार, बचपन, परिवर्तन, कन्या भ्रूणहत्या, शिक्षा, देशप्रेम, भारत के सिपाही इत्यादि पर अपने मन के विचारों को बखूबी व्यक्त किया।
निर्णायकों ने बाल कवियों को मौलिक कविता लेखन के लिए प्रेरित करते हुए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। निर्णायक डॉ.युवराज सिंह ने अनूठा बाल कवि सम्मेलन आयोजित करने के लिए प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल की सराहना की। निर्णायक डॉ. श्रुति सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी छात्रों को अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए साधुवाद दिया।
कनिष्ठ तथा वरिष्ठ वर्ग में से पाँच-पाँच श्रेष्ठ प्रतिभागियों को श्रेष्ठ कवि के रूप में पुरस्कृत किया गया। सभी को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। पुरस्कृत छात्र क्रमशः रहे-
चयनित श्रेष्ठ कवि ( कनिष्ठ वर्ग)
1. डिंपल (सनशाइन सीनियर सेकेंडरी स्कूल)
2. शिवम शर्मा (ऑल सेंट्स स्कूल)
3. अक्षरा वर्मा (गायत्री पब्लिक स्कूल, )
4. आयशी जे. चौहान (सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल)
5. चिन्मय शर्मा (सिम्बोजिया स्कूल)
चयनित श्रेष्ठ कवि ( वरिष्ठ वर्ग )
1. प्राची सिंह (होली पब्लिक स्कूल)
2. मानवी सिंह (कर्नल ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल)
3. स्मृति गौड़ (गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर)
4. डिंउपल देवानी (लाइफ लाइन पब्लिक स्कूल)
5. कृतिका(सनशाइन सीनियर सेकेंडरी स्कूल)
विद्यालय के निदेशक व प्रधानाचार्य के द्वारा मुख्य अतिथि तथा सम्मानीय निर्णायक मंडल को स्मृति प्रतीक उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्रा भाव्या कटिहार तथा जाह्नवी सिंह ने किया। कार्यक्रम समन्वयक बबिता रानी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागी बाल कवियों को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के सफल संचालन में समस्त हिंदी विभाग का पूर्ण योगदान रहा।