शि.वा.ब्यूरो, आगरा। 14 नवंबर को प्रतिवर्ष देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। पंडित जवाहरलाल नेहरू का बच्चों से विशेष स्नेह था। इसलिए उनका जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
प्रार्थना सभा का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, श्याम बंसल, प्रधानाचार्य जगदीश सिंह धामी व प्रमुख समंवयक संजय शर्मा द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। प्रधानाचार्य ने इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को देश के भावी कर्णधार बताते हुए अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठा से पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।
इस प्रार्थना सभा का आयोजन विद्यालय के शिक्षकगण द्वारा किया गया। शिक्षक- शिक्षिकाओं ने बच्चों के लिए लघु नाटक , नृत्य व 'बच्चे मन के सच्चे सारे जग की आँख के तारे' गीत की सुमधुर प्रस्तुति दीं। समस्त छात्रों को बुकमार्क और चॉकलेट का वितरण किया गया ।
अंत में विद्यालय निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने बालदिवस की शुभकामनाएँ देते हुए सभी को अपना स्वास्थ्य ठीक रखने तथा भविष्य में सफलता प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का समापन अध्यापिका बबिता रानी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।