गौरव सिंघल, देवबंद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की ओर से प्रशासन व पुलिस विभाग के नवागंतुक उप जिलाधिकारी संजीव कुमार और थाना प्रभारी हृदय नारायण दीक्षित के साथ एक परिचय बैठक का आयोजन जिला उपाध्यक्ष व्यापार मंडल अजय गर्ग के निवास स्थान ब्रह्मपुरी कॉलोनी रेलवे रोड पर किया गया। बैठक में व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष विवेक तायल ने कहा कि व्यापार मंडल और पुलिस-प्रशासन एक दूसरे के पूरक है। व्यापार मंडल अच्छे कामों के लिए पुलिस-प्रशासन को सम्मानित करने का काम भी करता है, लेकिन व्यापारियों के उत्पीड़न अथवा शोषण होने पर पुलिस व प्रशासन के साथ संघर्ष के लिए भी तैयार रहता है।
व्यापार मंडल की बैठक में उप जिलाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि वह व्यापारियों के साथ न्याय संगत कार्यों के लिए हर समय खड़े हैं कोई भी व्यापारी किसी भी समय उनसे बेझिझक संपर्क कर सकता है। वह हर समय फोन पर, कार्यालय पर उपलब्ध रहते हैं। इसी कड़ी में थाना प्रभारी कोतवाली देवबंद हृदय नारायण सिंह ने कहा कि व्यापारियों को किसी भी कारण असुरक्षा की भावना से ग्रसित होने की जरूरत नहीं है पुलिस-प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ हर समय उनके साथ खड़ा है। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल से नगर के चौराहे पर कैमरे लगवाने के लिए निवेदन किया। ताकि किसी भी छोटी बड़ी वारदात पर समय से कार्रवाई की जा सके। बैठक को सहारनपुर से आए व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जयवीर राणा ने संबोधित करते हुए कहा कि देवबंद इकाई पूरे जिले में सबसे अधिक सक्रियता के साथ व्यापारियों को अपने साथ जोड़े हुए हैं।
भाजपा नगर अध्यक्ष विपिन गर्ग, व्यापार मंडल के संरक्षक संदीप शर्मा, महामंत्री राजेश सिंघल ने कहा कि मुख्य बाजारों पर ई-रिक्शा के आवागमन पर रोक लगाई जाए ताकि बाजारों में जाम की स्थिति न हो सके। बैठक को मनोज सिंघल, अमित सोनी, नीरज कंसल, सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री लक्की वर्मा, मोहम्मद फिरोज आदि ने भी संबोधित किया। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष अमित मदान, जिला उपाध्यक्ष सुशील कांबोज, युवा जिला महामंत्री दिव्यलोक त्यागी, सुमित धवन, अंकित जैन, प्रदीप सिंघल, वीरेंद्र शर्मा, अंशुल वर्मा, आयुष गुप्ता, मोहम्मद शमशाद, मोहम्मद नोमान, सचिन ऐरन, रोबिन अग्रवाल, परवीन धीमान, रामकुमार वर्मा, दीपक गर्ग, सोहन कुच्छल, सतीश वर्मा, शिवम वर्मा आदि मौजूद रहे।