इस बार सहारनपुर वासियों के लिए धनतेरस रहेगी खास, कर सकेंगे भगवान धन्वंतरि के दर्शन

शि.वा.ब्यूरो, सहारनपुर। भगवान धन्वंतरि जयंती यानी धनतेरस इस बार सहारनपुर वासियों के लिए खास रहेगी क्योंकि वह आरोग्य और धन के देवता भगवान धन्वंतरि विग्रह के साक्षात दर्शन का सौभाग्य भी प्राप्त कर सकेंगे। एक माह पूर्व ही बेरी बाग स्थित मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योग संस्थान मुख्यालय में भगवान धन्वंतरि देवालय का उद्घाटन प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने योगगुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण, महापौर डा  अजय सिंह, कुलपति एच एस सिंह, जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, एस एस पी विपिन कुमार टाडा और नगरायुक्त गजल भारद्वाज समेत अन्य गणमान्य चिकित्सकों की मौजूदगी में किया गया था। भारत याेग साधक परिवार मोक्षायतन संस्थान के  सचिव एन के शर्मा ने बताया कि धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि के दर्शन व पूजन अर्चन के लिए धन्वंतरि देवालय सभी के लिए खुला रहेगा और हर कोई भगवान धन्वंतरि से आरोग्य और समृद्धि के लिए प्रार्थना कर सकेगा।

उन्होंने बताया कि जयंती मनाने का नाता युगों पूर्व हुए देवासुर संग्राम से है। जिसमें हुए समुद्र मंथन में प्राप्त हुए चौदह रत्नों में से एक मानवता के कल्याण के लिए हाथों में आयुर्वेद, अमृतकलश और वनौषधियां लिए भगवान धन्वंतरि भी प्रकट हुए थे। जिन्होंने सृष्टि के कल्याण के लिए चिकित्सा विज्ञान को जन्म दिया और देवताओं व असुरों दोनो का ही उपचार किया। यहां धन्वंतरि देवालय न होने से समाज पहला असली धन निरोगी काया को भूलता  गया और धनतेरस के दिन  दूजा धन घर में हो माया के लिए सोने-चांदी के बर्तन आभूषण आदि खरीदने तक ही सीमित रह गया। 

धर्माचार्य पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि धनतेरस आगामी 10 नवंबर को भगवान धन्वंतरि पूजन एवं दर्शन का विशेष मुहूर्त शाम पौने छह से पौने आठ बजे तक है। जिसमे हम आरोग्य समृद्धि के  लिए 13 दीपों से अर्चन करते है। संस्थान की ओर से इस दिन चिकित्सा से जुड़ी अनेक विभूतियों की सबके कल्याण के लिए सर्व सुलभ उपचारों पर परिचर्चा भी आयोजित की जाएगी। जिसने हर कोई आरोग्य के लिए समाधान भी पा सकेगा। साधक सक्षम गौड़ और ध्यान प्रमुख विजय सुखीजा ने बताया कि धनतेरस को भगवान धन्वंतरि देवालय की विशेष सज्जा की व्यवस्था की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post