एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

शि.वा.ब्यूरो, मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य वक्ता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने कहा कि बेटियों का शिक्षित होना समाज की प्रगति के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने  बताया कि भारत एक प्राचीन संस्कृति और सभ्यता वाला देश है, जहाँ नारी को हमेशा विशेष स्थान दिया गया है, फिर भी आधुनिक समय में सामाजिक कुरीतियों, अशिक्षा और लैंगिक भेदभाव के कारण बेटियों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इन्हीं समस्याओं के समाधान हेतु सरकार ने  वर्ष 2015 में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की शुरुआत की। यह योजना समाज में लड़कियों की गिरती संख्या, उनकी शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी।

कार्यक्रम में बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने कहा कि लड़कियों को शिक्षा देना केवल उनका अधिकार ही नहीं, बल्कि यह समाज की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अपील की कि वे अपने परिवार और समाज में इस विषय पर जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम संयोजक पूर्वी संघल ने कहा कि बेटियों को सशक्त बनाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को इस मिशन में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर बीबीए विभाग के सभी फैकल्टी सदस्य उपस्थित मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post