गौरव सिंघल, सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अवगत कराया कि प्रदेश सरकार द्वारा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आकर्षित किये जाने एवं पर्यटक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से जनपद सहारनपुर में वित्तीय वर्ष 2024-25 के अर्न्तगत 11.20 करोड़ लागत की कुल तीन योजनायें स्वीकृत हैं। जिनमें सहारनपुर के ग्राम जेहरा में प्राचीन पतेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास, विधानसभा गंगोह में स्थित प्राचीन शिव मंदिर एवं भैरव काली मंदिर का पर्यटन विकास एवं मां शाकुम्भरी देवी शक्तिपीठ में पर्यटन सुविधाओं का सृजन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से जनपद में पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं में विकास के साथ साथ पर्यटकों के आवागमन में बढोत्तरी होगी।
डीएम मनीष बंसल ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि सहारनपुर के ग्राम जेहरा में प्राचीन पतेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास हेतु 01.19 करोड़ रूपये की लागत से सौन्दर्यीकरण एवं पर्यटक सुविधाओं का सृजन किया जायेगा। इनमें मुख्य रुप से गेट का निर्माण, यात्रियों के विश्राम हेतु यात्री शेड का निर्माण, टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण, पीने की पानी की व्यवस्था, सोलर लाइटों की व्यवस्था, लैन्डस्केपिंग तथा पार्किंग का निर्माण कराया जायेगा। श्रद्धालुओं के बैठने हेतु बैंचे लगाई जायेंगी। पूजा प्रसाद आदि सामग्री के विक्रय हेतु कियोस्क तथा छोटी दुकानो का भी निर्माण कराया जायेगा।
विधानसभा गंगोह में स्थित प्राचीन शिव मंदिर एवं भैरव काली मंदिर का पर्यटन विकास हेतु कुल 01 करोड़ की लागत स्वीकृत है, जिसके अर्न्तगत यात्री शेड की निर्माण कराया जायेगा, पेवमेन्ट तथा लैन्डस्केपिंग की व्यवस्था होगी। सम्पूर्ण परिसर में पोल लाईटें लगाई जायेंगी तथा एक टॉयलेट ब्लॉक भी निर्मित कराया जायेगा। इसके साथ मां शाकुम्भरी देवी शक्तिपीठ में पर्यटन सुविधाओं का सृजन मां शाकुम्भरी देवी शक्तिपीठ में वृहत स्तर पर पर्यटक सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है। उक्त कड़ी में ही मां शाकुम्भरी देवी शक्तिपीठ में पर्यटक सुविधाओं हेतु कुल 09.01 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गयी है। जिसके अर्न्तगत एक मिनी टी०एफ०सी० (यात्री सुविधा केन्द्र) का निर्माण कराया जायेगा। यहां आकर यात्री विश्राम कर सकेगें व अन्य पर्यटन सुविधाओं का लाभ उठा सकेगें।